जानवरों से होने वाले बर्ताव से पता की जा सकती है राष्ट्र की महानता

नई दिल्ली. आदमखोर बाघिन अवनि को मार दिए जाने पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को महात्मा गांधी की लिखी पंक्तियों के जरिए महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंन ट्वीट किया, "किसी राष्ट्र की महानता का पता इससे लगाया जा सकता है कि वहां जानवरों के साथ कैसा बर्ताव हो रहा है।" यवतमाल जिले के पांढरकवड़ा के वन क्षेत्र में शुक्रवार को अवनि (टी-1) को मार दिया गया था। अनुमान है कि दो साल में उसने 14 लोगों को अपना शिकार बनाया था। उसे खत्म करने के लिए 200 लोगों की टीम लगाई गई थी।

मेनका गांधी ने महाराष्ट्र सरकार की आलोचना की
केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने बाघिन की मौत को लेकर महाराष्ट्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने इसे भयानक हत्या और अपराध का सीधा मामला करार दिया। वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "यह हमारे लिए दुखद है कि अवनि को मारने का फैसला लिया गया। हम इसकी जांच करेंगे कि इस मामले में नियमों की अनदेखी तो नहीं हुई। मेनका जी के शब्द कठोर थे लेकिन हम सब जानते हैं कि वे पशु प्रेमी हैं।"

अवनि को बचाने के लिए चलाया गया था अभियान
अवनि को मार देने की हाईकोर्ट भी मंजूरी दे चुका था। उसे बचाने के लिए प्रयत्न और सेव टाइगर एनजीओ ने ‘लेट अवनि लिव’ अभियान चलाया था। सुप्रीम कोर्ट तक गुहार लगाई थी। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने सितम्बर में इस दया याचिका को खारिज करते हुए हाईकोर्ट के आदेश को कायम रखा था।

नरभक्षी होने की पुष्टि हुई थी
डीएनए जांच, कैमरा ट्रैप्स और पंजों के निशानों के चलते जांचकर्ता इस निष्कर्ष पर पहुंचे थे कि पांच साल की यह मादा बाघ अब आदमखोर हो गई है और मानव मांस के लिए शिकार कर रही है।

खास परफ्यूम इस्तेमाल किया ताकि बाघिन नजदीक आए
अवनि को आकर्षित करने के लिए एक खास कंपनी का मेल परफ्यूम इस्तेमाल किया जा रहा था ताकि वह उसकी गंध से सर्च टीम के करीब आए। इसके लिए अमेरिका की एक घटना का उदाहरण दिया गया। 2010 में छपी वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक- एक खास तरह के परफ्यूम की गंध की वजह से दो तेंदुए 11 मिनट तक शिकार छोड़कर आसपास ही घूमते रहे थे।

100 कैमरों से रखी गई नजर

बाघिन को पकड़ने के लिए 100 कैमरे लगाए गए थे। गोल्फर ज्योति रंधावा के शिकारी कुत्तों और पैराग्लाइडर्स को भी अवनि को ढूंढने के काम में लगाया गया था। उसे मारने के लिए वन विभाग ने हैदराबाद से शार्पशूटर नवाब शौकत को भी बुलाया था। उनके पास 500 जंगली जानवरों का शिकार करने का अनुभव है।

Comments